हवा में बंद हुआ फ्लाइट का एक इंजन, दूसरे इंजन से दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग

हवा में इंजन में आई तकनीकी खराबी

  • प्रयागराज से दिल्ली जा रही अलायंस एयर की फ्लाइट में आई तकनीकी खराबी
  • विमान में क्रू मेंबर्स समेत 40 लोग सवार थे, सभी सुरक्षित
  • मेरठ के पास पायलट को एक इंजन में खराबी का पता चला

प्रयागराज। प्रयागराज से नई दिल्ली जा रही अलायंस एयर की फ्लाइट का एक इंजन हवा में खराब हो गया। इसके बाद पायलट ने दूसरे इंजन की मदद से विमान को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा। विमान में क्रू मेंबर्स समेत कुल 40 लोग सवार थे। सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं।

पायलट ने ATC को दी जानकारी

अलायंस एयर की फ्लाइट संख्या 9I-698 ने शुक्रवार दोपहर करीब 12:33 बजे प्रयागराज से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। मेरठ के आसपास पहुंचने पर पायलट को एक इंजन में तकनीकी खराबी का पता चला। पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी और दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।

IGI एयरपोर्ट पर घोषित किया गया इमरजेंसी अलर्ट

विमान में तकनीकी खराबी की सूचना मिलते ही दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर इमरजेंसी अलर्ट घोषित कर दिया गया। टर्मिनल-1 के रनवे-4 पर आपात स्थिति घोषित करते हुए विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए।

विमान की लैंडिंग तक करीब 30 मिनट के लिए रनवे को पूरी तरह खाली रखा गया। दोपहर करीब 2:15 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई।

DGCA ने दिए जांच के आदेश

घटना की जानकारी मिलने के बाद विमानन नियामक DGCA ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि उड़ान के दौरान इंजन में तकनीकी खराबी किस वजह से आई और विमान के रखरखाव से जुड़ी स्थिति क्या थी।

सुबह बिलासपुर से प्रयागराज पहुंचा था विमान

सूत्रों के मुताबिक, जिस विमान के इंजन में तकनीकी खराबी आई, वह शुक्रवार सुबह बिलासपुर से प्रयागराज के लिए रवाना हुआ था। विमान सुबह करीब 10:45 बजे बिलासपुर से चला और करीब 11:58 बजे प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचा।

कुछ देर रुकने के बाद इसी विमान ने दोपहर 12:33 बजे प्रयागराज से दिल्ली के लिए उड़ान भरी। उड़ान के दौरान मेरठ के आसपास एक इंजन में तकनीकी खराबी सामने आई, जिसके बाद विमान को दिल्ली में आपात स्थिति में उतारा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button