स्मार्टफोन-लैपटॉप हो सकते हैं सस्ते

सरकार ने इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स पर बेसिक कस्टम ड्यूटी हटाई, 2029 तक मिलेगी छूट

  • इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स पर BCD खत्म
  • 31 मार्च 2029 तक लागू रहेगी छूट
  • कंपनियों की मैन्युफैक्चरिंग लागत घटेगी
  • बैटरी और डिस्प्ले पार्ट्स भी हुए ड्यूटी फ्री

केंद्र सरकार ने स्मार्टफोन, लैपटॉप, स्मार्ट टीवी और वियरेबल डिवाइसेज के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कई अहम कंपोनेंट्स पर बेसिक कस्टम ड्यूटी (BCD) खत्म कर दी है। इस फैसले से इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों की मैन्युफैक्चरिंग लागत घटेगी और आने वाले समय में उपभोक्ताओं को सस्ते इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद मिल सकते हैं।

सरकार ने डिस्प्ले असेंबली, लीथियम-आयन सेल और इंडक्टर कॉयल मॉड्यूल के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले सामान को ड्यूटी फ्री कर दिया है। वित्त मंत्रालय के नोटिफिकेशन के अनुसार यह छूट 31 मार्च 2029 तक लागू रहेगी। इसका उद्देश्य देश में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देना और उत्पादन लागत कम करना है।

नई ड्यूटी-फ्री सूची में इलेक्ट्रॉनिक्स और बैटरी निर्माण में उपयोग होने वाली कई मशीनों को भी शामिल किया गया है। इनमें पाउडर ड्रायर, ऑटोमैटिक फीडिंग एवं ब्लेंडिंग सिस्टम, स्लरी ट्रांसफर सिस्टम, कैथोड-एनोड कोटिंग मशीन, हाई वैक्यूम पंप, वाइंडिंग मशीन, इलेक्ट्रोड कटिंग मशीन, टेस्टिंग मशीन, ऑटो पैकिंग सिस्टम और स्टैकिंग मशीन जैसे उपकरण शामिल हैं।

उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि डिस्प्ले असेंबली और लीथियम-आयन सेल इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की लागत का बड़ा हिस्सा होते हैं। ऐसे में ड्यूटी हटने से कंपनियों की लागत घटेगी और भविष्य में स्मार्टफोन, लैपटॉप तथा स्मार्ट टीवी की कीमतों में कमी देखने को मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button