वीडियोकॉन के पूर्व प्रमोटर वेणुगोपाल धूत बैंकरप्ट घोषित, NCLT का आदेश

SBI की याचिका पर मुंबई बेंच ने सुनाया फैसला; ₹600 करोड़ चुकाने का रीपेमेंट प्लान खारिज होने के बाद शुरू हुई कार्रवाई

नई दिल्ली। नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) की मुंबई बेंच ने वीडियोकॉन इंडस्ट्रीज के पूर्व प्रमोटर और डायरेक्टर वेणुगोपाल नंदलाल धूत को बैंकरप्ट घोषित कर दिया है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई के बाद ट्रिब्यूनल ने यह आदेश दिया। यह फैसला उनकी पर्सनल इनसोल्वेंसी रिजॉल्यूशन प्रक्रिया और रीपेमेंट प्लान असफल होने के बाद आया है।

विनय गोयल और चरणजीत सिंह गुलाटी की बेंच ने 5 नवंबर को इंसोल्वेंसी एंड बैंक्रप्सी कोड (IBC) के तहत यह आदेश पारित किया। इसके साथ ही धूत के खिलाफ व्यक्तिगत दिवालियापन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है।

वीडियोकॉन के कर्ज के लिए दी थी पर्सनल गारंटी

NCLT ने अपने आदेश में बताया कि SBI ने वीडियोकॉन इंडस्ट्रीज लिमिटेड (VIL) को दिए गए कर्ज के संबंध में धूत के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी। धूत ने कंपनी की ओर से ली गई कई क्रेडिट सुविधाओं के लिए व्यक्तिगत गारंटी दी थी।

इनमें रुपये में टर्म लोन, वीडियोकॉन टेलीकम्युनिकेशंस लिमिटेड से जुड़ी क्रेडिट सुविधाएं और वर्किंग कैपिटल लोन शामिल थे। बैंक ने फरवरी 2018 में इन व्यक्तिगत गारंटियों को इनवोक किया था। इसके बाद धूत से बकाया रकम चुकाने की मांग की गई।

₹600 करोड़ चुकाने का प्रस्ताव नहीं आया काम

वेणुगोपाल धूत की व्यक्तिगत इनसोल्वेंसी रिजॉल्यूशन प्रक्रिया अप्रैल 2026 में शुरू हुई थी। इस दौरान उन्होंने लेनदारों के सामने रीपेमेंट प्लान रखा था। प्रस्ताव के मुताबिक, धूत ने सिलीगुड़ी में प्रस्तावित डेवलपमेंट प्रोजेक्ट के जरिए 36 महीने में 600 करोड़ रुपये चुकाने की पेशकश की थी।

हालांकि, लेनदारों ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया। ट्रिब्यूनल ने भी पाया कि प्रस्तावित भुगतान भविष्य में प्रोजेक्ट के विकास, जरूरी मंजूरियों और उससे होने वाले कैश फ्लो पर निर्भर था। इसमें शुरुआत में कोई भुगतान करने का प्रावधान नहीं था।

इसके अलावा, रिजॉल्यूशन प्रोफेशनल ने बताया कि रीपेमेंट प्लान IBC के नियमों के मुताबिक उनसे परामर्श करके तैयार नहीं किया गया था। इन वजहों से प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिल सकी।

17 जुलाई को खारिज हुआ था रीपेमेंट प्लान

NCLT ने 17 जुलाई को धूत के रीपेमेंट प्लान को खारिज करते हुए उनकी व्यक्तिगत इनसोल्वेंसी रिजॉल्यूशन प्रक्रिया समाप्त कर दी थी। ट्रिब्यूनल ने लेनदारों और देनदार को IBC के प्रावधानों के तहत आगे बैंकरप्सी कार्यवाही शुरू करने का अधिकार दिया था।

इसके बाद लेनदारों ने बैंकरप्सी प्रक्रिया शुरू करने का फैसला किया। अब 5 नवंबर के आदेश के बाद धूत को औपचारिक रूप से बैंकरप्ट घोषित कर दिया गया है।

जून 2018 में शुरू हुई थी वीडियोकॉन की दिवालिया प्रक्रिया

वीडियोकॉन इंडस्ट्रीज को जून 2018 में कॉर्पोरेट इनसोल्वेंसी रिजॉल्यूशन प्रोसेस (CIRP) में शामिल किया गया था। बाद में इस प्रक्रिया को वीडियोकॉन ग्रुप की अन्य कंपनियों के साथ जोड़ दिया गया।

जून 2021 में NCLT ने ट्विन स्टार टेक्नोलॉजीज लिमिटेड की ओर से पेश किए गए रिजॉल्यूशन प्लान को मंजूरी दी थी। कंपनी के कॉर्पोरेट दिवालियापन की प्रक्रिया के बाद अब उसके पूर्व प्रमोटर वेणुगोपाल धूत के खिलाफ व्यक्तिगत बैंकरप्सी की कार्रवाई हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button