- अयोध्या में तेज बारिश, भक्ति पथ पर भरा पानी
- लखनऊ समेत कई जिलों में झमाझम बारिश
- 33 शहरों में आज बारिश का अलर्ट
- यमुना, गंगा और घाघरा का जलस्तर बढ़ा
- IMD: प्रदेश में सामान्य से 25% कम बारिश
उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। अयोध्या में मंगलवार तड़के तेज आंधी के साथ हुई बारिश से राम मंदिर जाने वाले भक्ति पथ पर करीब एक फीट तक पानी भर गया। लखनऊ, संभल, हाथरस, देवरिया और आगरा समेत कई जिलों में भी बारिश दर्ज की गई।
लखनऊ में देर शाम शुरू हुई तेज बारिश रातभर रुक-रुककर होती रही, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। देवरिया में भी रात से लगातार हल्की बारिश हो रही है।
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 33 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर नदियों पर भी दिखाई दे रहा है। मथुरा में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया है और वृंदावन के केशीघाट की सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं। प्रयागराज, कानपुर और वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है, जबकि बलिया में सरयू और घाघरा नदी के किनारों पर कटान शुरू होने से कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है।
IMD के अनुसार, पाकिस्तान से आने वाली शुष्क हवाओं के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों से बारिश वाले बादल हट गए हैं। इसी वजह से प्रदेश में अब तक सामान्य से 25 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।









