- अमेरिकी हमले में चाबहार पोर्ट का कंट्रोल टावर क्षतिग्रस्त
- भारत के निवेश वाला रणनीतिक बंदरगाह बना निशाना
तेहरान/वॉशिंगटन। अमेरिका ने शुक्रवार को लगातार छठी रात ईरान पर एयरस्ट्राइक की। इस दौरान भारत के निवेश वाले चाबहार पोर्ट को भी निशाना बनाया गया, जिससे पोर्ट के कंट्रोल (निगरानी) टावर को नुकसान पहुंचा।
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कंट्रोल टावर के क्षतिग्रस्त होने की तस्वीर साझा की। वहीं ईरानी समाचार एजेंसी मेहर ने भी हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि पिछले एक सप्ताह में इस टावर पर तीसरी बार हमला हुआ है।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार फाइटर जेट, ड्रोन और युद्धपोतों की मदद से ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर कार्रवाई की गई। हमलों में तटीय निगरानी केंद्र, एयर डिफेंस सिस्टम, सैन्य लॉजिस्टिक्स और समुद्री सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया।
भारत के लिए चाबहार पोर्ट रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। इस बंदरगाह के विकास में भारत ने निवेश किया है और इसका संचालन इंडिया पोर्ट्स ग्लोबल लिमिटेड (IPGL) कर रही है। यह पोर्ट भारत को पाकिस्तान को बायपास कर अफगानिस्तान और मध्य एशिया तक व्यापारिक पहुंच उपलब्ध कराता है।
पिछले 24 घंटे के बड़े घटनाक्रम
- ईरान ने जमीनी हमले की स्थिति में अमेरिकी सैनिकों को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
- बाब अल-मंदेब स्ट्रेट को बंद करने की तैयारी को लेकर तनाव बढ़ा।
- होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई।
- भारत ने फिलहाल होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर भारतीय नाविकों की तैनाती रोक दी।
- कुवैत और बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ड्रोन हमलों की खबर सामने आई।









