अमेरिका में भारतीय मूल के कारोबारी की गोली मारकर हत्या

  • टेनेसी में सुरेश पटेल की दुकान में घुसकर बदमाश ने की फायरिंग
  • 19 साल की बेटी वारदात के समय दुकान में मौजूद थी
  • घटना के बाद सफेद कार से फरार हुआ नकाबपोश आरोपी

वॉशिंगटन। अमेरिका में भारतीय मूल के कारोबारी सुरेश पटेल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना 20 अगस्त को टेनेसी राज्य के जैक्सनविले शहर में हुई। वारदात के समय सुरेश पटेल की 19 साल की बेटी भी दुकान में मौजूद थी। उसने अपनी आंखों के सामने पिता पर हुई फायरिंग देखी।

पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। शुरुआती जांच के मुताबिक, नकाबपोश बदमाश लूट के इरादे से दुकान में दाखिल हुआ था।

कैश लेने के बाद सुरेश पर चलाई गोलियां

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने दुकान में पहुंचकर कर्मचारियों से कैश मांगा। पैसे मिलने के बाद उसने सुरेश पटेल पर कई राउंड फायरिंग कर दी। गोलीबारी में दुकान का एक कर्मचारी भी घायल हुआ है।

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि वह सफेद रंग की कार में बैठकर भागा था।

3 दिन पहले ही खरीदी थी दुकान

सुरेश पटेल गुजरात के मेहसाणा जिले के आखज गांव के रहने वाले थे। वह करीब 30 साल से अमेरिका में रह रहे थे।

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, सुरेश पटेल ने घटना से सिर्फ तीन दिन पहले ही दुकान खरीदी थी। नई दुकान में काम शुरू करने के कुछ ही दिन बाद उनकी हत्या की वारदात सामने आई।

CCTV फुटेज से आरोपी की तलाश

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने ग्रे रंग की हुडी, जींस और काले बूट पहन रखे थे। उसने चेहरे पर मास्क लगा रखा था। पुलिस को घटना से संबंधित CCTV फुटेज भी मिला है।

पुलिस फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है। साथ ही लोगों से आरोपी के बारे में कोई जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button