- हाई-स्पीड डीजल ₹5.71 प्रति लीटर महंगा
- नई कीमतें 21 जुलाई से लागू
- अब रोजाना तय होंगे पेट्रोल-डीजल के दाम
- डीलर्स एसोसिएशन ने फैसले का किया विरोध
इस्लामाबाद। पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल (HSD) की नई कीमतों की घोषणा कर दी है। 21 जुलाई से लागू नई दरों के तहत पेट्रोल की कीमत में 35 पैसे प्रति लीटर की कटौती की गई है, जबकि हाई-स्पीड डीजल 5.71 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है।
नई कीमतों के अनुसार, पाकिस्तान में पेट्रोल 315.80 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल 360.06 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। मौजूदा दरें अप्रैल में बने रिकॉर्ड उच्च स्तर से अब भी काफी नीचे हैं।
सरकार ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव को देखते हुए ईंधन मूल्य निर्धारण की नीति में भी बदलाव किया है। पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने घोषणा की है कि अब देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें साप्ताहिक के बजाय रोजाना तय की जाएंगी।
सरकार के इस फैसले का ऑल पाकिस्तान डीलर्स एसोसिएशन ने विरोध किया है। एसोसिएशन का कहना है कि रोजाना कीमत तय करने की व्यवस्था व्यावहारिक नहीं है और इसके खिलाफ जल्द ही विरोध प्रदर्शन किया जा सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि डीजल महंगा होने से माल ढुलाई, परिवहन और बिजली उत्पादन की लागत बढ़ सकती है, जिसका असर महंगाई पर भी पड़ सकता है। वहीं, पेट्रोल की कीमतों में बदलाव का सीधा प्रभाव आम उपभोक्ताओं और निजी वाहन चालकों पर पड़ता है।









