- चार भारतीय नागरिकों की मौत, एक गंभीर घायल
- भारत ने रूस के राजदूत को किया तलब
- जहाज पर कुल 17 क्रू मेंबर थे, जिनमें 5 भारतीय
नई दिल्ली। यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह से रवाना हुए कार्गो जहाज MV गोल्डन लियो पर रविवार को हुए मिसाइल हमले में चार भारतीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि एक भारतीय गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना के बाद भारत सरकार ने रूस के राजदूत को तलब किया है। इससे पहले भारत ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कारोबारी जहाजों और निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना पूरी तरह अस्वीकार्य है।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारतीय दूतावास लगातार यूक्रेनी अधिकारियों के संपर्क में है और प्रभावित भारतीयों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, MV गोल्डन लियो मक्का लेकर ओडेसा बंदरगाह से रवाना हुआ था। बंदरगाह से निकलने के कुछ ही समय बाद जहाज पर तीन रूसी क्रूज मिसाइलों से हमला किया गया, जिससे जहाज में आग लग गई।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, 19 जुलाई की शाम गिनी-बिसाऊ के झंडे वाले इस जहाज पर हमला हुआ। जहाज पर कुल 17 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें पांच भारतीय शामिल थे। मंत्रालय ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायल भारतीय के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
यूक्रेन के समुद्री बंदरगाह प्राधिकरण के अनुसार, हमले के बाद पूरी रात सर्च और रेस्क्यू अभियान चलाया गया। इस हमले में नौ क्रू मेंबर और एक समुद्री पायलट की मौत हुई, जबकि आठ अन्य क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया।









