मुजतबा खामेनेई का पहला वीडियो आया सामने

जंग के बाद पहली बार दिखे ईरान के नए सुप्रीम लीडर, सेहत को लेकर चल रही अटकलों पर उठे सवाल

तेहरान। ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई का सुप्रीम लीडर बनने के बाद पहला वीडियो सामने आया है। ईरान की न्यूज एजेंसी मेहर ने यह वीडियो जारी किया है। इसमें मुजतबा जमीन पर बैठे लोगों के बीच नजर आ रहे हैं और उनसे बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं।

हालांकि, वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया था, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पिछले कुछ दिनों से मुजतबा की सेहत को लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे थे। इजराइली चैनल 14 ने सूत्रों के हवाले से दावा किया था कि उनकी हालत गंभीर है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी मौत की आशंका तक जताई गई थी।

अब वीडियो सामने आने के बाद इन दावों पर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, मुजतबा की मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अभी भी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।

सऊदी मीडिया ने मुजतबा के ईरान में नहीं होने का किया था दावा

सऊदी मीडिया अल-हदथ ने एक इजराइली सुरक्षा सूत्र के हवाले से दावा किया था कि मुजतबा उस समय ईरान में मौजूद नहीं थे। सूत्र के मुताबिक, मुजतबा के नाम से जारी किए जा रहे सरकारी संदेश IRGC के नए प्रमुख अहमद वाहिदी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी तैयार कर रहे थे।

सुप्रीम लीडर बनने के बाद से मुजतबा सार्वजनिक रूप से कहीं नजर नहीं आए थे और उन्होंने कोई भाषण भी नहीं दिया था। सरकारी न्यूज एजेंसियों ने उनके नाम से केवल कुछ लिखित संदेश जारी किए थे।

ईरानी मीडिया के अनुसार, अपने पिता और पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद भी मुजतबा ने किसी मंत्री से मुलाकात नहीं की थी। वह अपने पिता के अंतिम संस्कार में भी नजर नहीं आए थे।

राष्ट्रपति मसूद पजशकियान भी कह चुके हैं कि मुजतबा से सीधे संपर्क करना मुश्किल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button