टिकटॉक लाइव से करोड़ों का बिजनेस

  • रसोई से शुरू हुआ 77 करोड़ का कारोबार
  • लाइवस्ट्रीम से बढ़ी ऑनलाइन बिक्री
  • कई प्लेटफॉर्म में लाइव शॉपिंग की होड़

लंदन। टिकटॉक लाइव शॉपिंग अब ऑनलाइन कारोबार का बड़ा माध्यम बनती जा रही है। ब्रिटेन की 27 वर्षीय उद्यमी डेजी केली ने 2020 में अपनी मां की रसोई से शुरू किए गए ब्यूटी ब्रांड ‘ग्लो फॉर इट’ को आज करीब 60 लाख पाउंड (लगभग 77.30 करोड़ रुपये) के सालाना कारोबार तक पहुंचा दिया है। कंपनी की 40% से अधिक बिक्री टिकटॉक शॉप यूके के लाइवस्ट्रीम के जरिए होती है।

डेजी केली के मुताबिक, 12 घंटे के एक टिकटॉक लाइव सेशन से उनकी कंपनी ने करीब 1.29 करोड़ रुपये की बिक्री की। उनका स्टूडियो प्रतिदिन कई घंटे लाइव रहता है, जहां प्रेजेंटर उत्पादों का प्रदर्शन करते हैं और ग्राहकों के सवालों के जवाब देते हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, अब इंस्टाग्राम लाइव, यूट्यूब शॉपिंग, ईबे लाइव और अमेजन लाइव जैसे प्लेटफॉर्म भी लाइव शॉपिंग को बढ़ावा दे रहे हैं। एक सर्वे के मुताबिक करीब 30% उपभोक्ता लाइव शॉपिंग इवेंट के दौरान खरीदारी कर चुके हैं।

ब्रिटेन के वॉल्वरहैम्प्टन के मीट कारोबारी मैनी मलिक ने भी टिकटॉक लाइव के जरिए तीन घंटे में करीब 10 लाख रुपये का मीट बेचने का दावा किया। वहीं ज्वेलरी ब्रांड एडोरिना की संस्थापक बुकेट सेविक ने बताया कि लाइव सेलिंग शुरू करने के बाद उनके ऑर्डर कई गुना बढ़ गए।

हालांकि विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि लाइव शॉपिंग के दौरान सीमित स्टॉक और वायरल ट्रेंड जैसी रणनीतियां ग्राहकों को जल्दबाजी में खरीदारी के लिए प्रेरित कर सकती हैं। साथ ही लाइव सेलिंग प्लेटफॉर्म विक्रेताओं से 7% से 15% तक कमीशन भी वसूलते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button