पन्नू की हत्या की साजिश में निखिल गुप्ता को 19 साल 7 महीने की जेल

न्यूयॉर्क की अदालत ने सुनाई सजा, कोर्ट में निखिल ने मांगी माफी; तीन आरोपों में कबूल किया था जुर्म

न्यूयॉर्क। अमेरिका की एक संघीय अदालत ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को खालिस्तानी अलगाववादी नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश के मामले में 19 साल 7 महीने जेल की सजा सुनाई है। 55 वर्षीय निखिल ने इस साल फरवरी में हत्या के लिए सुपारी देने, हत्या की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश से जुड़े तीन आरोपों में अपना जुर्म कबूल कर लिया था। शुक्रवार को न्यूयॉर्क की सदर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के जज विक्टर मारेरो ने करीब 80 मिनट की सुनवाई के बाद 235 महीने की सजा सुनाई।

कोर्ट में पन्नू से मांगी माफी

सजा सुनाए जाने के दौरान निखिल गुप्ता ने अदालत में अपने किए पर अफसोस जताया। उन्होंने पन्नू, प्रभावित समुदायों और अपने परिवार से माफी मांगी। निखिल ने कहा कि उन्हें अपने किए पर पछतावा है और अब वह इसे बदल नहीं सकते। उन्होंने महात्मा गांधी के अहिंसा के सिद्धांत का भी जिक्र किया और कहा कि उन्हें उस रास्ते से भटकने का अफसोस है।

2023 में रची गई थी हत्या की साजिश

अमेरिकी अभियोजन पक्ष के अनुसार, वर्ष 2023 में निखिल गुप्ता ने विकास यादव नाम के एक भारतीय सरकारी कर्मचारी के निर्देश पर पन्नू की हत्या की योजना बनाने में भूमिका निभाई थी। आरोपों के मुताबिक, निखिल ने एक ऐसे व्यक्ति से संपर्क किया जिसे वह अपराधी गिरोह से जुड़ा सहयोगी समझ रहा था। यह व्यक्ति अमेरिकी ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) का गोपनीय सूत्र था। बाद में उसकी मुलाकात एक ऐसे व्यक्ति से कराई गई, जो अंडरकवर अधिकारी था और सुपारी लेकर हत्या करने वाले व्यक्ति के रूप में पेश किया गया था।

15 हजार डॉलर की अग्रिम रकम देने का आरोप

अमेरिकी अभियोजन पक्ष का आरोप था कि पन्नू की हत्या के लिए कुल एक लाख डॉलर देने की बात तय हुई थी। इसमें से 15 हजार डॉलर की अग्रिम रकम जून 2023 में न्यूयॉर्क में पहुंचाई गई थी। जांच एजेंसियों के मुताबिक, पन्नू का पता, फोन नंबर और उनकी दिनचर्या से जुड़ी जानकारी भी कथित तौर पर हत्या की योजना में शामिल लोगों तक पहुंचाई गई थी।

निखिल गुप्ता को 30 जून 2023 को चेक गणराज्य में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद जून 2024 में उन्हें अमेरिका प्रत्यर्पित कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button