मॉस्को। यूक्रेन ने रविवार को रूस पर युद्ध शुरू होने के बाद सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक किया। रूसी अधिकारियों के मुताबिक, हमलों में कम से कम 6 लोगों की मौत हुई। मॉस्को के पास स्थित रूसी ई-कॉमर्स कंपनी वाइल्डबेरीज के एक बड़े डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर में भी आग लग गई।
वाइल्डबेरीज सेंटर में भीषण आग
मॉस्को क्षेत्र के कोलेडिनो स्थित वाइल्डबेरीज लॉजिस्टिक्स सेंटर को ड्रोन हमले में नुकसान पहुंचा। यह विशाल केंद्र करीब 2.5 लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला बताया गया है। सामने आई तस्वीरों और वीडियो में इमारत के बड़े हिस्से से आग की लपटें और घना काला धुआं उठता नजर आया।
मॉस्को की ओर आए सैकड़ों ड्रोन
मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन के मुताबिक, राजधानी की ओर करीब 600 ड्रोन भेजे गए थे। उन्होंने इसे पिछले दो वर्षों में मॉस्को पर हुए सबसे बड़े हवाई हमलों में से एक बताया।
रूस का 1,478 ड्रोन मार गिराने का दावा
रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि पिछले 24 घंटों में उसने 1,478 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए। हालांकि, अलग-अलग रिपोर्टों में इस आंकड़े को लेकर अंतर है और स्वतंत्र रूप से इसकी पूरी पुष्टि नहीं हुई है।









