भोजशाला नमाज पर असमंजस

वैकल्पिक स्थान पर नहीं बनी सहमति, जुमे की नमाज मस्जिदों में अदा करने का फैसला

  • वैकल्पिक स्थान पर सहमति नहीं बनी
  • चालीसपीर दरगाह पर नहीं पहुंचे लोग
  • मस्जिदों में अदा होगी जुमे की नमाज

धार। मध्य प्रदेश के धार में जुमे की नमाज को लेकर स्थिति शुक्रवार को भी स्पष्ट नहीं हो सकी। गुरुवार देर रात जिला प्रशासन और मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों के बीच करीब दो घंटे तक बैठक हुई, लेकिन वैकल्पिक स्थान को लेकर कोई सहमति नहीं बन पाई।

निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचे लोग

प्रशासन ने मालीवाड़ा स्थित चालीसपीर दरगाह के पास जुमे की नमाज के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए थे। इसके बावजूद निर्धारित स्थान पर नमाज अदा करने के लिए कोई नहीं पहुंचा।

मुस्लिम पक्ष ने जताई आपत्ति

धार के सदर अब्दुल समद ने कहा कि प्रशासन सुप्रीम कोर्ट के आदेश की भावना के अनुरूप कार्रवाई नहीं कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चालीसपीर दरगाह के पास नमाज नहीं पढ़ी जाएगी और जुमे की नमाज आसपास की मस्जिदों में अदा की जाएगी। मामले में शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में फिर सुनवाई होनी है।

सुप्रीम कोर्ट ने दिए थे निर्देश

14 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने मध्य प्रदेश सरकार को निर्देश दिया था कि हर शुक्रवार दोपहर 1 से 3 बजे के बीच नमाज के लिए वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाए। इसके बाद जिला प्रशासन ने मालीवाड़ा गांव में चालीसपीर दरगाह के पास स्थान निर्धारित किया था।

भोजशाला के पास स्थान की मांग

सुप्रीम कोर्ट में मुस्लिम पक्ष ने दलील दी थी कि प्रशासन द्वारा तय किया गया स्थान भोजशाला से करीब दो किलोमीटर दूर है और यह अदालत के आदेश की भावना के अनुरूप नहीं है। इस पर कोर्ट ने केंद्र और राज्य सरकार को भोजशाला परिसर के बाहर या उससे सटे क्षेत्र में वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button