रतलाम में ताजिया हाईटेंशन लाइन से टकराया, 3 की मौत

मोहर्रम जुलूस के दौरान बड़ा हादसा, करंट लगने से 10 से अधिक लोग चपेट में आए; लाइनमैन निलंबित, दो बिजलीकर्मी सेवा से हटाए गए।

रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में मोहर्रम जुलूस के दौरान गुरुवार रात बड़ा हादसा हो गया। पिपलोदा क्षेत्र के हतनारा गांव में ताजिया हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया, जिससे करंट फैल गया और 10 से अधिक लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। घायलों में पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

मृतकों की पहचान रशीद खान, सड्डू हुसैन और अरबाज खान के रूप में हुई है। हालांकि प्रशासन ने फिलहाल दो मौतों की आधिकारिक पुष्टि की है, जबकि ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर रविंद्र सोलंकी ने तीन लोगों की मौत होने की जानकारी दी है। बताया गया कि अरबाज खान के परिजन उन्हें अस्पताल से दूसरे स्थान पर ले गए थे, जिसके चलते आंकड़ों में अंतर सामने आया।

घायलों में अनास, मोइन शाह, रहीम खान, अख्तियार खान, इरफान, शाहरुख, शकील, रईस, मोहम्मद और वहीद का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। वहीं इब्राहिम को रतलाम जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद प्रशासन ने लापरवाही पर सख्त कार्रवाई करते हुए हतनारा में तैनात लाइनमैन घनश्याम गिर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जावरा निर्धारित किया गया है। इसके अलावा मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी के कार्यपालन यंत्री ने बिजली श्रमिक समरथ मकवाना और गोबीलाल को भी ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में सेवा से पृथक करने के आदेश जारी किए हैं। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button