मंडी। देश में जारी छात्र आंदोलन के बीच हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सरकारी भवन की दीवार पर आपत्तिजनक और अभद्र लिखावट का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्थानीय निवासी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
दीवार पर लिखे गए आपत्तिजनक नारे
मंडी की इंदिरा मार्केट स्थित एक सरकारी भवन की दीवार पर प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक बातें लिखी गईं। साथ ही “Modi Resign” और “CJP in Power” जैसे नारे भी लिखे गए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इससे सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा है और सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।
कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ता चंदन शर्मा ने पुलिस से मौके का निरीक्षण कर जिम्मेदार लोगों की पहचान करने, संबंधित धाराओं में कार्रवाई करने और दीवार से आपत्तिजनक लिखावट हटाने की मांग की है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है। इंदिरा मार्केट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि लिखावट करने वालों की पहचान की जा सके।
छात्र आंदोलन के बीच सामने आया मामला
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब देश में छात्र आंदोलन और विभिन्न संगठनों के विरोध प्रदर्शन जारी हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।









