- केंद्र सरकार ने ट्रायल को दी मंजूरी
- सफल ट्रायल के बाद नियमित जारी होंगे नोट
- कागजी नोट फिलहाल बंद नहीं होंगे
नई दिल्ली। देश में जल्द ही ₹10 और ₹20 के पॉलीमर (प्लास्टिक) नोट देखने को मिल सकते हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ट्रायल के तौर पर दोनों मूल्य वर्ग के 100-100 करोड़ यानी कुल 200 करोड़ पॉलीमर नोट छापेगा। ट्रायल सफल रहने पर इन्हें नियमित रूप से जारी किया जाएगा।
केंद्र सरकार ने दी मंजूरी
वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लोकसभा में बताया कि केंद्र सरकार ने पॉलीमर नोटों के ट्रायल को मंजूरी दे दी है। हालांकि, ट्रायल कब शुरू होगा, इसकी तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।
कागजी नोट भी रहेंगे प्रचलन में
RBI ने स्पष्ट किया है कि पॉलीमर नोट जारी होने के बाद भी मौजूदा कागजी नोटों का चलन जारी रहेगा। इन्हें बंद करने की कोई योजना नहीं है।
क्या होते हैं पॉलीमर नोट?
पॉलीमर नोट विशेष प्रकार के प्लास्टिक मटेरियल पर छापे जाते हैं। ये सामान्य नोटों की तुलना में अधिक मजबूत होते हैं, पानी से खराब नहीं होते और जल्दी फटते भी नहीं हैं।
पॉलीमर नोटों के फायदे
- लंबे समय तक टिकाऊ और मजबूत।
- नकली नोट बनाना होगा बेहद कठिन।
- पानी, धूल और गंदगी का कम असर।
- बार-बार छपाई की जरूरत कम होने से लागत में बचत।
छपाई खर्च भी घटेगा
कागजी नोट जल्दी खराब होने के कारण उनकी बार-बार छपाई करनी पड़ती है। वित्त वर्ष 2024-25 में RBI ने नोटों की छपाई पर ₹6,372.8 करोड़ खर्च किए थे। पॉलीमर नोटों के लंबे समय तक चलने से इस खर्च में कमी आने की उम्मीद है।









