जियो की 21% प्रीमियम पर लिस्टिंग, मुकेश अंबानी हुए भावुक

₹1,358 पर खुला शेयर, ₹12.50 लाख करोड़ पहुंचा बाजार पूंजीकरण; अनंत अंबानी बोले- जियो को देश की जनता ने बनाया

मुंबई। जियो प्लेटफॉर्म्स ने बुधवार को शेयर बाजार में दमदार शुरुआत की। कंपनी का शेयर ₹1,358 पर सूचीबद्ध हुआ, जो ₹1,119 के इश्यू प्राइस से 21.36 प्रतिशत अधिक है। लिस्टिंग के साथ ही कंपनी का बाजार पूंजीकरण करीब ₹12.50 लाख करोड़ पहुंच गया। इस उपलब्धि के बाद जियो प्लेटफॉर्म्स बाजार पूंजीकरण के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाद देश की दूसरी सबसे मूल्यवान सूचीबद्ध कंपनी बन गई।

रिलायंस के बाद दूसरे स्थान पर जियो

शुरुआती कारोबार के दौरान जियो प्लेटफॉर्म्स का बाजार मूल्य लगभग ₹12.50 लाख करोड़ रहा। वहीं, रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण करीब ₹15.90 लाख करोड़ और भारती एयरटेल का लगभग ₹12.05 लाख करोड़ दर्ज किया गया। इस तरह जियो ने बाजार मूल्य के मामले में एयरटेल को पीछे छोड़ दिया।

अनंत अंबानी बोले- जियो को देश की जनता ने बनाया

जियो की लिस्टिंग के अवसर पर रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी अपने बच्चों अनंत और ईशा अंबानी के संबोधन के दौरान भावुक नजर आए। रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने कंपनी की सफलता का श्रेय देश के लोगों को दिया।

उन्होंने कहा, “जियो को पूरे देश का आशीर्वाद मिला है। मां ने कहा ‘जियो मेरे लाल’, दादी ने कहा ‘जुग जुग जियो’ और दोस्तों ने कहा ‘जियो यार’।” अनंत ने कहा कि जियो को भारत की जनता ने बनाया है और देश के लोगों के सपनों को पूरा करना ही उनका सपना है।

निवेशकों और ग्राहकों के भरोसे को बताया अहम

अनंत अंबानी ने जियो की सफलता के पीछे देश के लोगों के भरोसे और समर्थन को अहम बताया। लिस्टिंग को कंपनी के सफर में महत्वपूर्ण पड़ाव मानते हुए उन्होंने कहा कि जियो की यात्रा में ग्राहकों और निवेशकों की बड़ी भूमिका रही है। कंपनी अब इस भरोसे को आगे बढ़ाते हुए लोगों की डिजिटल आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में काम करना चाहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button