अंबेडकरनगर में पहुंचा गुरु रविदास जन्मस्थली की पावन मिट्टी का कलश

भाजपा ने निकाली भव्य शोभायात्रा- समरसता संकल्प अभियान के तहत जिले में हुआ स्वागत, सभी मंडलों और शक्ति केंद्रों तक पहुंचेगा कलश

अंबेडकरनगर। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी के समरसता संकल्प अभियान के तहत वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित गुरु रविदास जन्मस्थली से लाई गई पावन मिट्टी से भरे कलश का अंबेडकरनगर में भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव के नेतृत्व में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कार्यकर्ता दर्जनों चार पहिया और दो पहिया वाहनों के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए। आकर्षक ढंग से सजाए गए रथ में पावन कलश को स्थापित कर पूरे सम्मान के साथ भाजपा जिला कार्यालय अटल भवन तक लाया गया।

शोभायात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने गुरु रविदास के जयघोष लगाए और विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर कलश का स्वागत किया। जिला कार्यालय पहुंचने पर भी पावन कलश का स्वागत किया गया।

समानता और समरसता का संदेश बताया

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव ने कहा कि गुरु रविदास भारतीय संत परंपरा के प्रमुख संतों में रहे हैं। उन्होंने समाज को समानता, समरसता, मानवता, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वाराणसी स्थित गुरु रविदास जन्मस्थली की पावन मिट्टी का जिले में पहुंचना आस्था और प्रेरणा का विषय है।

उन्होंने कहा कि यह कलश केवल पावन मिट्टी का प्रतीक नहीं है, बल्कि संत परंपरा, सामाजिक समरसता और भारतीय संस्कृति के मूल्यों का भी प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा संतों, महापुरुषों और समाज सुधारकों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और उनकी विरासत के संरक्षण के लिए लगातार अभियान चला रही है।

जिले के सभी मंडलों तक पहुंचेगा कलश

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि आगामी दिनों में यह पावन कलश जिले के प्रत्येक मंडल और शक्ति केंद्र तक पहुंचाया जाएगा। इसके माध्यम से समरसता संकल्प अभियान को संगठन स्तर तक ले जाने की योजना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button