- कोस्पी ने एक दिन में बनाई ऐतिहासिक बढ़त
- AI और टेक शेयरों में लौटी निवेशकों की दिलचस्पी
- SK हायनिक्स और सैमसंग के शेयर 23% से ज्यादा चढ़े
- TSMC के शेयरों में भी 10% तक की तेजी
सियोल। साउथ कोरिया के प्रमुख शेयर बाजार इंडेक्स कोस्पी (KOSPI) में शुक्रवार को 18% की रिकॉर्ड तेजी दर्ज की गई। यह कोस्पी के इतिहास में एक ही कारोबारी दिन में प्रतिशत के हिसाब से सबसे बड़ी बढ़त मानी जा रही है।
बाजार में यह उछाल वैश्विक स्तर पर टेक्नोलॉजी शेयरों में आई रिकवरी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी कंपनियों में निवेशकों की दोबारा बढ़ती रुचि के कारण देखने को मिला। इससे पहले लगातार तीन कारोबारी सत्रों तक टेक शेयरों में भारी बिकवाली हुई थी।
इस तेजी में सेमीकंडक्टर (चिप) कंपनियों ने सबसे अहम भूमिका निभाई। साउथ कोरिया की प्रमुख कंपनियों SK हायनिक्स और सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयरों में 23% से अधिक की तेजी दर्ज की गई।
वहीं, ताइवान की प्रमुख चिप निर्माता कंपनी TSMC के शेयर भी करीब 10% तक चढ़ गए। इन तीनों कंपनियों का योगदान MSCI एशिया पैसिफिक इक्विटीज इंडेक्स की तेजी में सबसे अधिक रहा।









