नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के दौरान बुधवार को विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई विपक्षी नेताओं ने गांधी प्रतिमा से मकर द्वार तक मार्च निकालकर नारेबाजी की।
विपक्षी सांसद 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज और राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर सरकार को घेर रहे हैं। विपक्ष की मांग है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संसद में आकर इन मामलों पर जवाब दें।
विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होने के एक मिनट बाद ही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। वहीं, राज्यसभा की कार्यवाही भी पहले 12 बजे और बाद में 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
इस बीच सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने और चर्चा को लेकर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ करीब 50 मिनट तक बैठक की। मानसून सत्र में अब तक आठ में से तीन विधेयक दोनों सदनों से पारित हो चुके हैं, जबकि सरकार शेष पांच विधेयकों को पारित कराने की तैयारी में है।









