गणेश पंडाल में सो रहे लोगों पर गिरा बिजली का तार, करंट से 4 युवकों की मौत

मंडला के हीरापुर गांव में हादसा, तीन घायल; एक की हालत गंभीर

मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले के नैनपुर क्षेत्र के हीरापुर गांव में शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। गणेश मंच के पंडाल में सो रहे लोगों पर अचानक बिजली का तार टूटकर गिर गया। तार गिरने से पंडाल में करंट फैल गया और चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे जिला अस्पताल भेजा गया है।

हादसे में जैनू भांवरे (19), रवि झारिया (24), कृष्ण कुमार भांवरे (18) और वीरेंद्र भांवरे (24) की मौत हुई है। गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान प्रियांशु के रूप में हुई है।

यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/mandeep-bhandari-cbse-chairperson/

विसर्जन के बाद पंडाल में सोए थे युवक

एसडीओपी नैनपुर मनीष राज के अनुसार, गणेश उत्सव समिति के सदस्य शनिवार तड़के करीब चार बजे गणेश प्रतिमा का विसर्जन कर लौटे थे। इसके बाद आठ युवक झांकी में रखे सामान की रखवाली के लिए पंडाल में ही सो गए।

सुबह अचानक बिजली का तार टूटकर पंडाल पर गिर गया। करंट फैलने से वहां सो रहे युवक इसकी चपेट में आ गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

बिजली कंपनी की टीम कर रही जांच

पंडाल पक्के निर्माण का बताया जा रहा है। बिजली का तार किस वजह से टूटा और करंट कैसे फैला, इसकी जांच बिजली कंपनी की टीम कर रही है। पुलिस भी हादसे के कारणों और घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button