रांची। झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के विरोध में छात्रों का आंदोलन लगातार तेज हो रहा है। रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पिछले 12 दिनों से प्रदर्शन जारी है। सात से अधिक प्रदर्शनकारी भूख हड़ताल पर हैं। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने 2 अगस्त से अन्न-जल त्याग रखा था।
बुधवार को सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने देवेंद्र नाथ महतो से वीडियो कॉल पर बातचीत की। उनकी अपील पर देवेंद्र ने पानी पी लिया, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका अनशन जारी रहेगा।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो 7 अगस्त को झारखंड विधानसभा का घेराव किया जाएगा। छात्र JPSC, JSSC-CGL समेत अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की CBI जांच, दोषियों पर कार्रवाई और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं।
गौरतलब है कि 2 जुलाई को झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी किया था, जिसमें 2,204 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किए गए थे। परिणाम के बाद कई उम्मीदवारों ने कट-ऑफ जारी न करने, कथित OMR शीट वायरल होने और रिजल्ट पर अधिकारियों के हस्ताक्षर नहीं होने जैसे आरोप लगाए। विवाद बढ़ने पर आयोग ने मुख्य परीक्षा रद्द कर दी।









