- कटेहरी क्षेत्र में निर्माणाधीन दीर्घ सेतु का 60 फीसदी से अधिक काम पूरा, तीन जिलों के आवागमन को मिलेगा नया रास्ता
अम्बेडकरनगर। कटेहरी क्षेत्र में बिसुही नदी पर बन रहे आधुनिक पुल के निर्माण कार्य में तेजी आई है। गोसाईंगंज-भीटी-महरूआ दोस्तपुर मार्ग पर बन रहे इस दीर्घ सेतु का 60 फीसदी से अधिक काम पूरा हो चुका है। निर्माण की मौजूदा स्थिति को देखते हुए दिसंबर 2027 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद जनवरी 2028 से इस पुल पर वाहनों का संचालन शुरू होने की उम्मीद है।
यह पुल अयोध्या, अम्बेडकरनगर और सुल्तानपुर जिलों के बीच आवागमन को आसान बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।
15.69 करोड़ की लागत से तैयार हो रहा डबल लेन पुल
बिसुही नदी पर बनने वाला यह सेतु 15.69 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है। परियोजना को 20 दिसंबर 2025 को मंजूरी मिली थी। सेतु निगम लिमिटेड अयोध्या के परियोजना प्रबंधक रोहित अग्रवाल के अनुसार, परियोजना को पूरा करने की अंतिम समय सीमा 31 दिसंबर 2027 तय की गई है।
अब तक परियोजना के लिए 14.88 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। इसमें से 7.25 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं।
फाउंडेशन का काम पूरा, सुपर स्ट्रक्चर पर तेजी
निर्माण कार्य में फाउंडेशन और सब-स्ट्रक्चर का काम पूरा हो चुका है। अब पुल के ऊपरी हिस्से यानी सुपर स्ट्रक्चर का निर्माण तेजी से चल रहा है।
यह पुल करीब 71 मीटर लंबा होगा। इसे डबल लेन के रूप में तैयार किया जा रहा है। पुल पर 7.5 मीटर चौड़ा कैरिजवे होगा, जिससे वाहनों की आवाजाही सुगम हो सकेगी।









