- मझियारी अठवारा में विवाहिता का गला कसने का आरोप
- पति और सास-ससुर पर प्रताड़ना के आरोप; पुलिस जांच में जुटी
अंबेडकरनगर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के मझियारी अठवारा गांव में विवाहिता नीतू की हालत बिगड़ने पर मायके पक्ष ने पति और सास-ससुर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि पति ने रस्सी से उसका गला कस दिया। विवाहिता का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अखंडनगर क्षेत्र के अनिरुद्धपुर निवासी नीतू की शादी मई 2024 में मझियारी अठवारा निवासी कैप्टन से हुई थी। मायके पक्ष के मुताबिक, 16 अक्टूबर को कैप्टन ने नीतू के भाई को फोन कर कहा कि उसकी बहन की मौत हो गई है और वह उसे लेने आ जाए। इसके बाद फोन काट दिया। सूचना पर परिजन ससुराल पहुंचे तो नीतू गंभीर हालत में मिली।
अस्पताल में खाना पहुंचाने को लेकर हुआ विवाद
मायके पक्ष के सामने नीतू ने बताया कि उसकी भाभी का प्रसव हुआ था। उसने पति से अस्पताल में खाना पहुंचाने के लिए कहा तो उसने ताना दिया कि शादी में उसके पिता ने कुछ नहीं दिया, अब खाना भी वही लेकर जाए। नीतू का आरोप है कि इसके बाद सास-ससुर ने उसके हाथ पकड़ लिए और पति ने रस्सी से उसका गला कस दिया।
वहीं, मायके पक्ष का कहना है कि नीतू ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन समय रहते उसे बचा लिया गया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सम्मनपुर थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पुलिस जांच कर रही है। जांच के आधार पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया जाएगा।









