अम्बेडकरनगर। अकबरपुर क्षेत्र में युवक के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। कबीरपुर कसेरुआ निवासी विप्लव वर्मा करीब डेढ़ महीने से गायब हैं। घर नहीं लौटने और मोबाइल बंद मिलने के बाद पत्नी प्रियंका वर्मा ने पुलिस से मदद मांगी है। उन्होंने पति के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए जमीन विवाद का भी जिक्र किया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पत्नी ने बताया कि काफी तलाश के बाद भी विप्लव वर्मा का कोई पता नहीं चल सका। 2 जुलाई को एक परिचित से जानकारी मिलने के बाद मामला और गंभीर हो गया। परिचित ने विप्लव को अकबरपुर में जमीन से जुड़े कुछ लोगों के साथ देखे जाने की बात बताई थी।
11 गाटों की जमीन बनी चिंता का कारण
प्रियंका वर्मा ने शिकायत में बताया कि उनके पति के नाम अलग-अलग 11 गाटों में करीब दो बीघा जमीन दर्ज है। उनका आरोप है कि कुछ लोगों की नजर इस जमीन पर है और इसी वजह से पति के साथ कोई घटना हो सकती है।
हालांकि पुलिस जांच के बाद ही यह साफ होगा कि युवक के लापता होने के पीछे वास्तविक कारण क्या है।
छह लोगों के नाम लेकर दी शिकायत
पत्नी ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में दीप नारायण शर्मा निवासी बुढ़नपुर इब्राहिमपुर, बंटी वर्मा निवासी रावीपुर बहाउद्दीनपुर अकबरपुर, लालू यादव निवासी खपुरा अकबरपुर, राम जियावन वर्मा निवासी कैथोलिया इब्राहिमपुर, भोले उर्फ मजनू राजभर निवासी निझावां इब्राहिमपुर और मंटू वर्मा उर्फ प्रिंस वर्मा का नाम दिया है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कुछ आरोपितों पर जमीन संबंधी मामलों में पहले भी मुकदमे दर्ज हैं। इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।









