अंबेडकरनगर। यातायात माह के तहत पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। अभियान के चौथे दिन बुधवार को जिले में 407 वाहनों का चालान किया गया। वहीं, एक नवंबर से अब तक कुल 1073 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई हो चुकी है। नशे की हालत में वाहन चलाने वालों की जांच के दौरान दो चालक निर्धारित जांच में पकड़े गए। दोनों पर कुल 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
यातायात पुलिस के अनुसार, चार नवंबर को कार्रवाई के दौरान दो वाहनों से एक हजार रुपये शमन शुल्क भी जमा कराया गया। अभियान शुरू होने से अब तक पांच वाहनों से कुल नौ हजार रुपये शमन शुल्क जमा हुआ है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात नियमों का पालन कराने और सड़क हादसों में कमी लाने के उद्देश्य से जिलेभर में अभियान चलाया जा रहा है।
आईटीआई में कार्यशाला, छात्रों को बताए नियम
अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक यातायात जयबहादुर यादव ने टीम के साथ राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, कटरिया याकूबपुर और अकबरपुर में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी। कार्यशाला में सुरक्षित वाहन संचालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व के बारे में बताया गया। विद्यार्थियों को जागरूकता संबंधी पंपलेट भी बांटे गए।









