अम्बेडकरनगर। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। बुधवार को तहसील आलापुर के विकासखंड रामनगर स्थित पूर्वांचल के प्रसिद्ध धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थल गोविंद साहब में मंडलायुक्त राजेश कुमार और डीआईजी सोमेन वर्मा ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। उनके साथ जिलाधिकारी ईशा प्रिया, पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह और कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हेलीपैड निर्माण, मुख्य मंच, कार्यक्रम स्थल की तैयारियों और साफ-सफाई का बारीकी से जायजा लिया। इसके साथ ही पार्किंग, आवागमन मार्ग, बैठक व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बैरिकेडिंग, विद्युत आपूर्ति और सुरक्षा प्रबंधन की भी समीक्षा की गई।
हर विभाग को मिली तय समय में काम पूरा करने की जिम्मेदारी
मंडलायुक्त और डीआईजी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं तय समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ काम करें और किसी भी व्यवस्था में कमी न रहने दें।
विद्युत विभाग को विशेष रूप से बिजली आपूर्ति के साथ सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान निर्बाध बिजली व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता होगी।
यातायात, सुरक्षा और जनसुविधाओं पर खास फोकस
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यातायात प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था की भी समीक्षा की। कार्यक्रम स्थल तक आने वाले मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और बैरिकेडिंग को लेकर पुलिस अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली गई।
पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था और स्वच्छता जैसे बुनियादी इंतजामों को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए, ताकि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।









