मोटर का तार जोड़ते ही दौड़ा करंट, युवक की मौत

पिण्डोरिया में अकेले तार जोड़ रहा था अमित, करीब एक घंटे बाद अचेत मिला; अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

अंबेडकरनगर। कटका थाना क्षेत्र के पिण्डोरिया गांव में विद्युत मोटर का तार जोड़ना 25 वर्षीय अमित पांडेय को भारी पड़ गया। शनिवार शाम तार जोड़ते समय अचानक करंट की चपेट में आने से वह अचेत होकर गिर पड़े। हादसे के करीब एक घंटे बाद ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ी। परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

अमित गौसपुर निवासी सत्य नारायण पांडेय के इकलौते पुत्र थे। बताया गया कि शनिवार शाम वह घर के पास लगी विद्युत मोटर का तार जोड़ रहे थे। इसी दौरान करंट प्रवाहित हो गया। उस समय आसपास कोई मौजूद नहीं था।

एक घंटे बाद ग्रामीणों ने देखा

काफी देर तक अमित के नहीं दिखने पर ग्रामीणों ने आसपास देखा। करीब एक घंटे बाद वह अचेत अवस्था में मिले। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल चिकित्सालय ले गए। जांच के बाद डॉक्टरों ने अमित को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम

हादसे की सूचना मिलते ही कटका पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अक्षय पटेल ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। रविवार को चहोड़ा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।

इकलौते बेटे पर थी घर की जिम्मेदारी

अमित परिवार में इकलौते बेटे थे। उनके पिता सत्य नारायण पांडेय दिव्यांग हैं। ऐसे में खेती-बाड़ी और घर की अन्य जिम्मेदारियां अमित संभालते थे। वह अविवाहित थे। उनकी चार बहनें हैं। इनमें एक बहन की शादी अभी नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button