शनिवार को डीएम करेंगी पेराई सत्र का शुभारंभ, पिछले सत्र में मिल ने 83.09 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की थी
अंबेडकरनगर। मिझौड़ा स्थित अकबरपुर चीनी मिल में शुक्रवार को पूजन-अर्चन के साथ गन्ने की तौल शुरू हो गई। तौल कांटा पूजन में विधायक धर्मराज निषाद, मिल के इकाई प्रमुख पंकज शाही, महाप्रबंधक (वाणिज्य) राजन राय और महाप्रबंधक (गन्ना) सुनील कुमार सिंह चौहान समेत अधिकारी, कर्मचारी और किसान मौजूद रहे। मिल परिसर में इस अवसर पर अखंड रामायण पाठ का आयोजन भी किया गया।
शनिवार 14 नवंबर को डोंगा पूजन के बाद जिलाधिकारी ईशा प्रिया और इकाई प्रमुख पंकज शाही केन कैरियर में गन्ना डालकर पेराई सत्र 2026-27 का विधिवत शुभारंभ करेंगे।
पिछले सत्र से अधिक पेराई का लक्ष्य
इकाई प्रमुख पंकज शाही ने बताया कि पिछले पेराई सत्र में चीनी मिल ने 83.09 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की थी। इस बार 85 लाख क्विंटल पेराई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों से समय पर गन्ना खरीदने और उसका त्वरित भुगतान करने के लिए मिल प्रबंधन प्रतिबद्ध है।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे गन्ना कोल्हुओं पर कम दाम में बेचने के बजाय चीनी मिल को आपूर्ति करें। इससे उन्हें उचित मूल्य मिलने के साथ बेसिक कोटा बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
बाहरी केंद्रों और मिल गेट पर शुरू हुई खरीद
महाप्रबंधक (गन्ना) सुनील कुमार सिंह चौहान ने बताया कि 12 नवंबर से बाहरी क्रय केंद्रों और 13 नवंबर से चीनी मिल गेट पर गन्ने की खरीद शुरू कर दी गई है। किसानों से कहा गया है कि वे ग्रामवार निर्धारित शिफ्ट के अनुसार ही गन्ना लेकर आएं। इससे तौल और आपूर्ति के दौरान अनावश्यक भीड़ से बचा जा सकेगा।









