सुखबीर बादल पर निहंग का कृपाण से हमला, हत्या की कोशिश का खुलासा

नांदेड के गुरुद्वारा माता साहिब में छाती पर वार की कोशिश, हाथ आगे करने से बाल-बाल बचे सुखबीर; आरोपी गिरफ्तार

मुंबई। महाराष्ट्र के नांदेड स्थित गुरुद्वारा माता साहिब में शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर निहंग ने कृपाण से हमला कर दिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी जसपाल सिंह कथित तौर पर सुखबीर बादल की छाती पर वार कर उनकी हत्या करने की कोशिश में था।

हाथ आगे करने से बची जान

आरोपी ने सुखबीर बादल के सामने आते ही कृपाण निकालकर उनकी छाती की तरफ वार किया। सुखबीर बादल ने तुरंत अपना हाथ आगे कर दिया, जिससे कृपाण छाती तक नहीं पहुंच सकी। हालांकि उनके हाथ में करीब 5 सेंटीमीटर गहरा कट लग गया।

8 से 9 टांके लगे

हमले में घायल सुखबीर बादल को इलाज के लिए नांदेड़ अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनके हाथ पर 8 से 9 टांके लगाए। सर्जरी के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

पुलिसकर्मी ने भी झेला वार

हमलावर दूसरा वार करता, उससे पहले महाराष्ट्र पुलिस की स्पेशल प्रोटेक्शन यूनिट के इंस्पेक्टर संतोष वैजनाथ केंद्रे ने अपना हाथ आगे कर दिया। उन्हें भी चोट लगी, लेकिन पुलिसकर्मी की तत्परता से आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया गया।

नशे को लेकर गुस्से में था आरोपी

नांदेड के एसपी निलाभ रोहन के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पंजाब में नशे की स्थिति को लेकर गुस्से में था। इसी वजह से उसने सुखबीर बादल पर हमला करने की बात कही है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button