लिफ्ट अचानक चली, ग्रिल में फंसा पैर

दूसरी-तीसरी मंजिल के बीच लटका रहा शख्स, 90 मिनट की मशक्कत के बाद रेस्क्यू

हैदराबाद। तेलंगाना के हैदराबाद के मूसेपेट इलाके में लिफ्ट हादसे का एक मामला सामने आया है। अंजनैया नगर में 40 वर्षीय मुरली लिफ्ट से बाहर निकल रहे थे, तभी अचानक लिफ्ट ऊपर की ओर चल पड़ी। इस दौरान उनका एक पैर लिफ्ट के अंदर और दूसरा दूसरी मंजिल की लैंडिंग पर था। लिफ्ट के ऊपर जाते ही उनका पैर ग्रिल में फंस गया और वह दूसरी और तीसरी मंजिल के बीच लटक गए। हादसे में उनका पैर फ्रैक्चर हो गया और उन्हें गंभीर चोटें आईं।

थर्ड फ्लोर का बटन दबते ही हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, मुरली अपनी पत्नी के साथ ग्राउंड फ्लोर से दूसरी मंजिल पर पहुंचे थे। दोनों लिफ्ट से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने तीसरी मंजिल का बटन दबा दिया। आरोप है कि सेंसर में खराबी के कारण लिफ्ट कुछ ही सेकंड में ऊपर की ओर चल पड़ी। मुरली का पैर लिफ्ट और लैंडिंग के बीच फंस गया।

पत्नी के शोर मचाने पर जुटे लोग

हादसे के बाद मुरली की पत्नी ने शोर मचाकर मदद के लिए लोगों को बुलाया। अपार्टमेंट के लोगों ने उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद हैदराबाद डिजास्टर रिस्पॉन्स एंड एसेट प्रोटेक्शन एजेंसी (HYDRAA) के कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।

यह भी पढे़ :https://www.tamsasanket.com/delhi-sadar-bazar-10-year-old-girl-sexual-assault/

लिफ्ट की दीवार तोड़कर शुरू किया रेस्क्यू

सूचना मिलने के बाद कुकटपल्ली में तैनात HYDRAA की डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (DRF) टीम मौके पर पहुंची। मुरली को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीम ने लिफ्ट की दीवार के ऊपरी हिस्से को तोड़ा। इसके बाद सैनथनगर फायर स्टाफ ने हाइड्रोलिक कटर की मदद से लिफ्ट और दीवार के बीच फंसे मुरली को बाहर निकाला।

90 मिनट तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

रेस्क्यू टीम को मुरली को सुरक्षित बाहर निकालने में करीब 90 मिनट लगे। लिफ्ट और दीवार के बीच दबने के कारण उनके पैर में गंभीर चोट आई। रेस्क्यू के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button