बेंगलुरु। स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम् के पूर्ण गायन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस शिकायत तक पहुंच गया है। भाजपा ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के खिलाफ बेंगलुरु और मंगलुरु में पुलिस शिकायत दर्ज कराते हुए वंदे मातरम् के कथित अपमान का आरोप लगाया है। अभी तक दोनों मामलों में FIR दर्ज नहीं की गई है।
मल्लेश्वरम और उर्वा थाने में शिकायत
बेंगलुरु में भाजपा युवा मोर्चा ने मल्लेश्वरम पुलिस थाने में शिकायत दी, जबकि मंगलुरु में भाजपा नेताओं ने उर्वा थाने में सोनिया गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। रिपोर्टों के मुताबिक, पुलिस मामले में कानूनी राय लेने के बाद आगे की कार्रवाई पर फैसला कर सकती है।
भाजपा का आरोप- वंदे मातरम् रुकवाने का इशारा
भाजपा का आरोप है कि 15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम् के गायन के दौरान सोनिया गांधी ने इसे रुकवाने का इशारा किया। इसी आरोप को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन भी किए। हालांकि, कांग्रेस ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा है कि सोनिया गांधी केवल कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए कुर्सी की व्यवस्था का इशारा कर रही थीं।









