लखनऊ। लखनऊ में बुधवार को नौकरी बहाली की मांग को लेकर एंबुलेंस ड्राइवरों ने प्रदर्शन किया। 2021 में सेवा से हटाए गए कर्मचारियों ने भाजपा कार्यालय का घेराव किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने स्वास्थ्य विभाग की प्रतीकात्मक अर्थी भी निकाली।
अर्थी पर डिप्टी CM की तस्वीर लगाई
प्रदर्शन के दौरान निकाली गई अर्थी पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की तस्वीर लगाई गई थी। तस्वीर के साथ ‘इस्तीफा दो’ लिखा हुआ था। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कोरोना काल में उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर मरीजों तक एंबुलेंस सेवा पहुंचाई, लेकिन बाद में उन्हें नौकरी से हटा दिया गया।
नौकरी जाने के बाद बेरोजगारी का आरोप
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का कहना है कि 2021 में सेवा समाप्त होने के बाद से वे बेरोजगारी की स्थिति का सामना कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से पुरानी नौकरी बहाल करने और उनके भविष्य को लेकर ठोस निर्णय लेने की मांग की।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे एंबुलेंस ड्राइवरों को हिरासत में लिया। इसके बाद उन्हें इको गार्डन भेज दिया गया।









