जुलूस-ए-मोहम्मदी की तैयारियों को लेकर बैठक, शांति और भाईचारे पर जोर

26 अगस्त को लखनऊ में निकलेगा जुलूस-ए-मोहम्मदी

लखनऊ। जुलूस-ए-मोहम्मदी की तैयारियों को लेकर मंगलवार को लखनऊ में बैठक आयोजित की गई। इसमें ऑल इंडिया मोहम्मदी मिशन के पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए। बैठक के दौरान जुलूस में शामिल होने वाले विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों को आवश्यक व्यवस्थाओं और अनुशासन को लेकर प्रशिक्षण दिया गया।

बैठक में जुलूस के दौरान भाईचारा, शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। आयोजकों ने लोगों से अपील की कि जुलूस के दौरान किसी भी दूसरे व्यक्ति को असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

26 अगस्त को निकलेगा जुलूस

ऑल इंडिया मोहम्मदी मिशन (यूथ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष फैजान फरंगी महली ने बताया कि 26 अगस्त को ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मौके पर शहर के अलग-अलग इलाकों से लोग जुलूस लेकर दरगाह सामने शाह पहुंचेंगे।

उन्होंने कहा कि दरगाह पर मुफ्ती इरफान मियां की ओर से विशेष दुआ की जाएगी। जुलूस में शामिल लोगों से रास्ते में यातायात और आम लोगों की सुविधा का ध्यान रखने की अपील की गई है।

बड़े झंडों को लपेटकर लाने की अपील

फैजान फरंगी महली ने जुलूस में शामिल होने वाले लोगों से अपील की कि रास्ते में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। उन्होंने विशेष रूप से बड़े झंडों को लपेटकर लाने की अपील की, ताकि जुलूस के दौरान किसी को परेशानी न हो।

जुलूस के लिए रजिस्ट्रेशन जरूरी

बैठक में बताया गया कि जुलूस में बड़ी संख्या में धार्मिक झांकियां और संगठन शामिल होते हैं। ऐसे में व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए जुलूस में शामिल होने वाले संगठनों का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया गया है।

जुलूस की व्यवस्था संभालने वाले सदस्यों के आईडी कार्ड बनाने की बात भी कही गई। इसके अलावा जुलूस के साथ चलने वाले लोगों को एंबुलेंस और यातायात व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button