- सुबह 5 बजे से लाइन में लगे मरीजों को 7 घंटे तक इंतजार की आशंका
- जमीन पर बैठकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे लोग
लखनऊ। लखनऊ में सोमवार को किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) और सरकारी अस्पतालों की ओपीडी खुलते ही मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। KGMU में सुबह 5 बजे से ही मरीजों की लाइन लगनी शुरू हो गई थी। नई ओपीडी के बाहर करीब एक किलोमीटर तक लंबी कतार देखने को मिली।
सात घंटे तक इंतजार की आशंका
अस्पताल पहुंचे मरीजों को अपनी बारी का इंतजार करने के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ी। लंबी कतार के चलते कई मरीज जमीन पर बैठ गए। इसके बाद धीरे-धीरे काउंटर की ओर बढ़ते रहे।
ओपीडी के बाहर मौजूद ज्यादातर मरीजों ने बताया कि वे सुबह से लाइन में लगे हैं। उन्हें अपनी बारी आने के लिए करीब सात घंटे तक इंतजार करना पड़ सकता है। भीड़ के कारण मरीज और उनके तीमारदार परेशान नजर आए।
दिवाली और छठ के बाद बढ़ी मरीजों की संख्या
दिवाली और छठ पूजा के चलते करीब एक सप्ताह तक ओपीडी में मरीजों की संख्या कम रही थी। त्योहारों के बाद सोमवार को नियमित ओपीडी खुलने पर बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंच गए। इससे पंजीकरण काउंटर और ओपीडी के बाहर लंबी कतारें लग गईं।









