लखनऊ। लखनऊ में बुधवार को आईटी चौराहे के पास मुख्य मार्ग पर अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया। देखते ही देखते सड़क के बीचोंबीच 10 फीट से अधिक गहरा गड्ढा बन गया। इसी दौरान बाइक से गुजर रहे दो भाई उसमें जा गिरे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
लोगों ने रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया
बाइक सवारों के गड्ढे में गिरने के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने दोनों भाइयों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भेजा। घटना के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
पूर्व डिप्टी CM के आवास के सामने हुआ हादसा
सड़क धंसने की घटना जिस जगह हुई, वह पूर्व डिप्टी CM दिनेश शर्मा के आवास के ठीक सामने बताई जा रही है। खास बात यह है कि इसी सड़क के ऊपर से मेट्रो लाइन भी गुजर रही है। घटना के बाद सड़क की स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
PWD ने गड्ढे की कराई बैरिकेडिंग
सूचना मिलते ही PWD के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। किसी अन्य वाहन के गड्ढे में गिरने से बचाने के लिए घटनास्थल के आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई। इसके कारण मुख्य मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
कुछ ही घंटों में मिट्टी डालकर गड्ढा ढंका
घटना के करीब 8 से 9 घंटे के भीतर PWD की टीम ने गड्ढे में मिट्टी डालकर उसे ढंक दिया। हालांकि, सड़क अचानक धंसने की वजह क्या रही, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। हादसे के बाद सड़क की गुणवत्ता और नीचे की संरचना को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।









