अंबेडकरनगर। आलापुर थाना क्षेत्र के जुनेदपुर बाजार में मंगलवार देर शाम नर्सिंग छात्रा से सोने की चेन लूटने के प्रयास का मामला सामने आया है। छात्रा का आरोप है कि दो बाइक सवार युवकों ने अछती बाजार से उसका पीछा किया और जुनेदपुर बाजार के आखिरी छोर पर ओवरटेक कर स्कूटी रोक दी। इसके बाद गले से चेन खींचने की कोशिश की।
छात्रा के विरोध करने पर दोनों युवकों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों बाइक सवार मौके से फरार हो गए।
अस्पताल से लौटते समय किया पीछा
सिपाह गांव निवासी नर्सिंग छात्रा अकबरपुर-टांडा रोड स्थित पूर्वांचल मेडसिटी अस्पताल से स्कूटी से घर लौट रही थी। छात्रा के मुताबिक अछती बाजार से ही दो बाइक सवार उसके पीछे लग गए थे।
पीछा किए जाने का एहसास होने के बावजूद छात्रा घर की ओर बढ़ती रही। जुनेदपुर बाजार के अंतिम छोर पर दोनों ने स्कूटी को ओवरटेक किया और रास्ता रोक दिया।
चेन खींचने का किया प्रयास
आरोप है कि दोनों युवकों ने छात्रा के गले से सोने की चेन खींचने की कोशिश की। छात्रा ने विरोध किया तो दोनों ने गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वे वहां से भाग निकले।
घटना से घबराई छात्रा घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
छात्रा के भाई दिव्यांशु ने आलापुर थाने में दो अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।









