अंबेडकरनगर। जिले के स्कूल परिसरों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले तीन से छह वर्ष के बच्चों को अब यूनिफॉर्म और जरूरी सामान के लिए आर्थिक मदद मिलेगी। योजना के पहले चरण में जिले के 20 पीएमश्री स्कूलों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों का डेटा जुटाया जा रहा है। बच्चों की सूची तैयार करने के साथ उनके अभिभावकों के बैंक खाते की जानकारी भी पोर्टल पर अपलोड की जा रही है।
20 पीएमश्री स्कूलों से शुरू हुई तैयारी
बीएसए डॉ. पूनम मिश्रा ने बताया कि योजना के पहले चरण के लिए 20 पीएमश्री स्कूलों में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र भेजा गया है।
विभाग बच्चों का विवरण एकत्र करने के साथ उनके अभिभावकों के बैंक खाते की जानकारी भी दर्ज कर रहा है। डेटा अपलोड होने के बाद पात्र बच्चों को योजना का लाभ देने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
दूसरे चरण में 2161 केंद्रों के बच्चों को मिलेगा लाभ
पहले चरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद योजना का दायरा बढ़ाया जाएगा। बीएसए के अनुसार निदेशालय के निर्देश पर दूसरे चरण में जिले के बाकी 2161 को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को भी योजना में शामिल किया जाएगा।
ये आंगनबाड़ी केंद्र स्कूल परिसरों में संचालित हो रहे हैं। दूसरे चरण में इन केंद्रों पर पढ़ने वाले तीन से छह वर्ष के बच्चों को भी यूनिफॉर्म और जरूरी सामान के लिए सीधे आर्थिक सहायता मिलने का रास्ता साफ होगा।









