अगस्त 2025 से भुगतान अटका, आठवें दिन भी सीएचओ का धरना जारी

सीएमओ कार्यालय पर अनिश्चितकालीन प्रदर्शन, वेतन-एरियर समेत कई देयकों के भुगतान की मांग; विभाग बोला-पुराने मामलों के लिए शासन से बजट की जरूरत

अंबेडकरनगर। बकाया वेतन और अन्य लंबित भुगतानों की मांग को लेकर सीएचओ वेलफेयर एसोसिएशन का सीएमओ कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को आठवें दिन भी जारी रहा। कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) लंबे समय से लंबित भुगतान कराने की मांग कर रहे हैं। एसोसिएशन ने जल्द भुगतान नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी है।

वेतन, एरियर समेत कई भुगतान लंबित

एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राहुल कुंतल ने बताया कि जिले में तैनात सीएचओ अगस्त 2025 से विभिन्न लंबित भुगतानों को लेकर समस्या का सामना कर रहे हैं। इस संबंध में अधिकारियों को कई बार लिखित और मौखिक रूप से जानकारी दी गई। आवश्यक दस्तावेज और जानकारी भी उपलब्ध कराई गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ।

उन्होंने बताया कि बकाया वेतन, इंक्रीमेंट, एरियर, लॉयल्टी भुगतान, धरना अवधि का वेतन और पीबीआई समेत कई देयक लंबित हैं। कोषाध्यक्ष कुमुद कुमार, कार्यकारिणी सदस्य राज वर्मा समेत अन्य पदाधिकारियों ने भी भुगतान जल्द कराने की मांग की।

एसोसिएशन का कहना है कि भुगतान नहीं होने पर आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। पदाधिकारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित करना नहीं, बल्कि लंबे समय से लंबित भुगतानों का निस्तारण कराना है।

49 सीएचओ का तीन से पांच माह का वेतन भी रुका था

सीएमओ ने बताया कि सीएचओ की समस्याओं को लेकर करीब एक महीने पहले एसोसिएशन के साथ बातचीत हुई थी। अधिकांश मामले पिछले वित्तीय वर्ष से जुड़े हैं। कुछ भुगतान वित्तीय वर्ष 2024-25 के भी हैं।

यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/ravindra-nath-yadav-death/
उन्होंने बताया कि पहले करीब 49 सीएचओ का तीन से पांच महीने का वेतन भी लंबित था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button