डंपर में घुसी दरोगा की कार, मौत

ड्यूटी के लिए कानपुर से लखनऊ आ रहे थे सत्येंद्र सिंह; दरोगा खेड़ा के पास हुआ हादसा

लखनऊ। सरोजनीनगर क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में डायल 112 मुख्यालय में तैनात दरोगा सत्येंद्र सिंह की मौत हो गई। वह कानपुर से लखनऊ ड्यूटी के लिए आ रहे थे। दरोगा खेड़ा के पास उनकी तेज रफ्तार वैगन आर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दरोगा गंभीर रूप से घायल हो गए।

ड्यूटी के लिए देर हो रही थी

पुलिस के मुताबिक, सत्येंद्र सिंह कानपुर नगर के सनिगवां कोयला नगर के रहने वाले थे। सोमवार सुबह करीब सात बजे वह कार से कानपुर से लखनऊ के लिए निकले थे। बताया गया कि उन्हें ड्यूटी पर पहुंचने में देर हो रही थी। इसी वजह से वह तेज रफ्तार में कार चला रहे थे। सरोजनीनगर में दरोगा खेड़ा के पास पहुंचते ही कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े डंपर से जा टकराई।

राहगीरों ने पुलिस को दी सूचना

हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। कार में फंसे सत्येंद्र सिंह को गंभीर हालत में देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दरोगा को सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढे़ :https://www.tamsasanket.com/lucknow-university-abvp-students-protest/

परिजनों को दी गई सूचना

पुलिस ने हादसे की जानकारी सत्येंद्र सिंह के परिजनों को दी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में कार की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होकर डंपर से टकराने की बात सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button