कालकाजी मंदिर के पास नाबालिग से गैंगरेप

पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को पकड़ा, दो की तलाश जारी

नई दिल्ली। दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय नाबालिग से गैंगरेप का मामला सामने आया है। घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है। पुलिस ने मंगलवार सुबह साउथ ईस्ट दिल्ली में मुठभेड़ के बाद एक आरोपी आसिफ को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने तीन राउंड फायर किए। इनमें से एक गोली हेड कॉन्स्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के पैर में गोली मारी। घायल आरोपी को AIIMS ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, नाबालिग सोमवार शाम करीब सात बजे अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर में दर्शन करने पहुंची थी। इसके बाद दोनों करीब 7:30 बजे गेट नंबर-7 से आस्था कुंज पार्क में गए। आरोप है कि वहां तीन युवक उनके पास पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताया। शिकायत के मुताबिक, युवकों ने नाबालिग और उसके दोस्त को धमकाया और फिर उसे दोस्त से अलग कर सुनसान स्थान पर ले गए। आरोप है कि आसिफ ने पिस्टल और चाकू दिखाकर नाबालिग को धमकाया। इसके बाद तीनों आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और धमकी देकर मौके से चले गए।

रात 8:45 बजे पुलिस को मिली सूचना

पुलिस को रात करीब 8:45 बजे PCR कॉल के जरिए पार्क में दुष्कर्म की सूचना मिली। इसके बाद अमर कॉलोनी थाने के SHO और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। वहां नाबालिग अपने दोस्त के साथ मिली। पुलिस ने नाबालिग की AIIMS में मेडिकल जांच कराई। क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी सैंपल और अन्य सबूत जुटाए हैं।

यह भी पढे़ : https://www.tamsasanket.com/rims-hospital-sncu-fire-adilabad/

दिल्ली में इस महीने नाबालिग से रेप का तीसरा मामला

पुलिस के मुताबिक, दिल्ली में सितंबर में नाबालिग से दुष्कर्म का यह तीसरा मामला है। इससे पहले 12 सितंबर को स्वरूप नगर में 14 वर्षीय नाबालिग के साथ गैंगरेप के बाद हत्या का मामला सामने आया था। वहीं 16 सितंबर को सदर बाजार इलाके में 10 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button