- इंग्लैंड को 2-1 से हराया
- आखिरी मिनटों में पलटा मुकाबला
- मेसी और लॉटारो रहे जीत के हीरो
- 19 जुलाई को स्पेन से फाइनल
- जीत के बाद फॉकलैंड बैनर पर विवाद
अटलांटा। डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने लगातार दूसरी बार फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बना ली है। लियोनेल मेसी की टीम ने दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 2-1 से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया। अब 19 जुलाई को फाइनल में उसका सामना स्पेन से होगा।
मैच के 55वें मिनट में इंग्लैंड के एंथनी गॉर्डन ने गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। 85वें मिनट तक इंग्लैंड 1-0 से आगे था, लेकिन इसके बाद अर्जेंटीना ने शानदार वापसी की। मेसी के पास पर एंजो फर्नांडेज ने 25 गज की दूरी से गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद इंजरी टाइम के दूसरे मिनट में मेसी के सटीक क्रॉस पर सब्स्टीट्यूट लॉटारो मार्टिनेज ने हेडर से विजयी गोल दाग दिया।
जीत के बाद अर्जेंटीना के खिलाड़ियों ने मैदान पर ‘Las Malvinas son Argentinas’ (फॉकलैंड/माल्विनास अर्जेंटीना के हैं) लिखा बैनर लहराया, जिसके बाद दोनों देशों के समर्थकों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। फॉकलैंड द्वीप को लेकर अर्जेंटीना और ब्रिटेन के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है।
यह अर्जेंटीना का सातवां फुटबॉल वर्ल्ड कप फाइनल होगा। टीम इससे पहले 1930, 1978, 1986, 1990, 2014 और 2022 में फाइनल खेल चुकी है। अर्जेंटीना 1978, 1986 और 2022 में विश्व चैंपियन बना था। अब उसके पास लगातार दूसरी बार और कुल चौथा विश्व कप खिताब जीतने का मौका है।









