बारिश से खेतों में नुकसान, डीएम-एसपी ने मौके पर परखी फसलों की स्थिति

अकबरपुर-भीटी के प्रभावित इलाकों में पहुंचकर किसानों से किया संवाद, क्षति का आकलन कर सहायता देने के निर्देश

अम्बेडकरनगर। लगातार बारिश के बीच शनिवार को जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह खेतों तक पहुंचीं। दोनों अधिकारियों ने अकबरपुर और भीटी तहसील क्षेत्र के प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। खेतों में जलभराव और बारिश से फसलों पर पड़े असर को देखा। किसानों से बातचीत कर नुकसान और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों से प्रभावित फसलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि बारिश से हुए फसल नुकसान की निगरानी लगातार की जाए। क्षति का नियमानुसार आकलन कर प्रभावित किसानों को अनुमन्य सहायता और फसल क्षतिपूर्ति दिलाने के लिए कार्रवाई की जाए। किसानों की समस्याओं के निस्तारण में किसी तरह की देरी न हो, इसके भी निर्देश दिए गए।

फसल नुकसान की सूचना 72 घंटे में दें

डीएम ने किसानों से अपील की कि बारिश से फसल को हुए नुकसान की सूचना 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर दर्ज कराएं। इससे फसल क्षति से संबंधित प्रक्रिया में आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी।

यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/ambedkar-nagar-free-rabies-vaccination-dogs/#google_vignette
आपदा में 1077 पर दें सूचना

जिला प्रशासन ने आपातकालीन स्थिति में 1077 पर सूचना देने को कहा है। डीएम ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों पर नजर रखने और जरूरत के अनुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button