आंधी थमी, लेकिन अंधेरा नहीं छंटा, 36 घंटे से बिजली संकट

90 पोल टूटे, दर्जनभर ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त; 33 हजार वोल्ट की लाइनें भी टूटीं, शहर से गांव तक बिजली आपूर्ति प्रभावित

अम्बेडकरनगर। तीन दिन तक कहर बरपाने वाली बारिश और तेज आंधी रविवार सुबह थम गई, लेकिन बिजली व्यवस्था अब भी बेपटरी है। आंधी में जिलेभर में करीब 90 बिजली के पोल टूट गए। दर्जनभर ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए हैं। जगह-जगह पेड़ और टहनियां बिजली लाइनों पर गिरने से तार टूट गए। इसका सबसे ज्यादा असर ग्रामीण क्षेत्रों में पड़ा। शुक्रवार रात से कई इलाकों में करीब 36 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही।

पेड़ गिरे तो टूट गए पोल, तारों ने रोक दी बिजली

अकबरपुर उपकेंद्र से शहर के साथ करीब 150 गांवों को बिजली मिलती है। शनिवार को अलग-अलग क्षेत्रों में दो दर्जन से अधिक पेड़ गिर गए। इससे बिजली के पोल, ट्रांसफार्मर और 33 हजार वोल्ट की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पूरी रात कई क्षेत्रों में बिजली नहीं आई।

शहर के कुछ हिस्सों में शनिवार दिन में आपूर्ति बहाल कर दी गई, लेकिन ग्रामीण इलाकों में समस्या बनी रही। कई गांवों में रविवार सुबह तक बिजली नहीं पहुंच सकी।

आलापुर के कई फीडर रहे प्रभावित

आलापुर पावरहाउस से जुड़े रामनगर, आलापुर, तेंदुआईकला, न्योरी, हंसवर, मकोईया और दरगाह फीडर क्षेत्र भी आंधी से प्रभावित हुए। पेड़ गिरने से पोल और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए। शुक्रवार देर रात से प्रभावित कई गांवों में रविवार सुबह तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।

यह भी पढ़े : https://www.tamsasanket.com/tanda-pda-mahapanchayat-shyamlal-pal-2027/

टांडा से जलालपुर तक बिजली संकट

टांडा बिजलीघर से जुड़े कई इलाकों में शुक्रवार रात से बिजली आपूर्ति ठप रही। जलालपुर के कल्याणपुर उपकेंद्र से जुड़े सिकंदरपुर, कटघर मूसा, सम्मनपुर और बरियावन समेत कई क्षेत्रों में भी लोग बिजली संकट से परेशान रहे। भीटी और राजेसुल्तानपुर क्षेत्र में भी आपूर्ति प्रभावित हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button