अंबेडकरनगर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट स्थित वीवीपैट वेयरहाउस में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) की जा रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने जांच प्रक्रिया का निरीक्षण कर प्रगति और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और तकनीकी मानकों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए।
तकनीकी जांच निर्धारित मानकों के अनुसार कराने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ईवीएम और वीवीपैट की जांच में सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी तकनीकी परीक्षण निर्धारित प्रक्रिया और प्रोटोकॉल के अनुसार पूरे किए जाएं। जांच के दौरान किसी भी स्तर पर तय मानकों की अनदेखी न हो। साथ ही, प्रक्रिया से जुड़े अभिलेखों का विधिवत संधारण सुनिश्चित किया जाए।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी अवलोकन का अवसर
एफएलसी प्रक्रिया के दौरान मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार जांच का अवलोकन करने का अवसर दिया जा रहा है। यह प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत संचालित की जा रही है।
अधिकारियों से ली व्यवस्था की जानकारी
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से जांच की प्रगति और उपलब्ध व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्योत्स्ना बंधु और सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. महेश चंद्र द्विवेदी समेत संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।









