बारिश बनी आफत, कहीं बिजली गुल तो कहीं रास्ते बंद

17 घंटे से अधिक समय से कई गांव अंधेरे में, सड़क पर पेड़ गिरने से यातायात ठप; डीएलएड परीक्षार्थियों को भी हुई परेशानी

  • टांडा क्षेत्र में 17 घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति बाधित
  • कई मार्गों पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित
  • डीएलएड परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पहुंचने में हुई परेशानी

अंबेडकरनगर। दो दिन से हो रही बारिश शनिवार को तेज हवा के साथ और परेशानी लेकर आई। जिले में जगह-जगह पेड़ गिरने से सड़कें बंद हो गईं। बिजली के खंभे टूटने से कई इलाकों में आपूर्ति ठप रही। टांडा क्षेत्र के औझीपुर उपकेंद्र से जुड़े गांवों में 17 घंटे से अधिक समय तक बिजली नहीं रही। कई मार्गों पर वाहन फंसे रहे। डीएलएड परीक्षा देने निकले परीक्षार्थियों को भी रास्ते में परेशानी उठानी पड़ी।

17 घंटे से बिजली का इंतजार

टांडा क्षेत्र में तुरसमपुर सोसाइटी के पास पेड़ बिजली के तार पर गिर गया। इससे खंभा टूट गया और औझीपुर उपकेंद्र की मेन सप्लाई शुक्रवार रात से बंद है।

तरौली मुबारक, मुंडेरा, धौराहरा, उत्तरी व दक्षिणी भूलेपुर और हंसवर फीडर की आपूर्ति प्रभावित रही। हंसवर, भूलेपुर, हीरापुर, काजीपुर और कटोखर बाजार समेत कई इलाकों में भी बिजली नहीं रही। आपूर्ति ठप होने से लोगों के रोजमर्रा के काम प्रभावित हुए।

परीक्षा देने निकले छात्र भी फंसे

जलालपुर-बसखारी मार्ग पर सरस्वती शिशु मंदिर के पास आम का बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया। मार्ग बंद होने से डीएलएड परीक्षा देने जा रहे छात्रों को हीरालाल जायसवाल इंटर कॉलेज पहुंचने में परेशानी हुई।

जहांगीरगंज-कमरिया मार्ग पर घंटों बंद रहा रास्ता

आलापुर तहसील के जहांगीरगंज-कमरिया मार्ग पर तेज हवा के कारण विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया। इससे मार्ग कई घंटे बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहन फंस गए।

बाबरा निवासी पवन कुमार उपाध्याय, जयराम, श्रीराम और हरिद्वार ने बताया कि जाम में लोग काफी देर तक फंसे रहे। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से पेड़ हटाने का काम शुरू कराया गया।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/sir-election-commission-meeting-voter-list/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button