‘तनु वेड्स मनु 3’ में नहीं दिखेंगी कंगना रनौत

नए कलाकारों के साथ लौटेगी फ्रेंचाइजी

नई दिल्ली। कंगना रनौत और आर. माधवन की चर्चित फिल्म फ्रेंचाइजी ‘तनु वेड्स मनु’ के तीसरे पार्ट को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘तनु वेड्स मनु 3’ में कंगना रनौत और आर. माधवन नजर नहीं आएंगे। इस बार फिल्म की कहानी पुराने किरदारों के बजाय नए चेहरों और नए रिश्तों के इर्द-गिर्द बुनी जाएगी।

नई कहानी और फ्रेश स्टारकास्ट पर काम

आनंद एल राय के प्रोडक्शन में बन रही इस फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी मितराक्षा कुमार को सौंपी गई है। मिड-डे की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म के लेखक और निर्देशक पिछले करीब एक साल से इसकी नई कहानी पर काम कर रहे हैं। मेकर्स तीसरे पार्ट में भी फ्रेंचाइजी की पहचान रही कॉमेडी और उथल-पुथल यानी ‘मैडनेस’ को बरकरार रखना चाहते हैं।

पुराने किरदारों की जगह दिखेंगे नए चेहरे

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि फिल्म में बिल्कुल नई स्टारकास्ट देखने को मिलेगी। हालांकि, अभी तक कलाकारों के नामों की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। निर्देशक मितराक्षा कुमार के मुताबिक, फिल्म की मूल पहचान से समझौता किए बिना किरदारों में बदलाव किया जाएगा। उनका कहना है कि नई और युवा स्टारकास्ट के साथ फिल्म उसी अंदाज में लौटेगी।

2011 में रिलीज हुई थी पहली फिल्म

‘तनु वेड्स मनु’ का पहला पार्ट साल 2011 में रिलीज हुआ था। आनंद एल राय के निर्देशन में बनी इस फिल्म में कंगना रनौत ने तनुजा त्रिवेदी और आर. माधवन ने मनु शर्मा का किरदार निभाया था। फिल्म की सफलता के बाद 2015 में इसका दूसरा पार्ट रिलीज हुआ, जिसमें कंगना ने डबल रोल निभाकर दर्शकों का मनोरंजन किया। दोनों फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थीं।

फिलहाल ध्यान दें: कंगना और माधवन की वापसी न होने की खबरें मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित हैं। मेकर्स की ओर से कलाकारों को लेकर आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button