अंबेडकरनगर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव में मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती से लगी आग में मोहम्मद असलम की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। आग में बेड, बिस्तर, कपड़े, वाशिंग मशीन, राशन और दहेज में मिला सामान समेत घर की सभी जरूरी वस्तुएं नष्ट हो गईं। पीड़ित परिवार को दो लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है।
घटना बीती रात करीब आठ बजे की है। असलम मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। हादसे के समय वह घर से बाहर थे, जबकि उनकी पत्नी बच्चों के साथ पड़ोस में गई हुई थीं। इसी दौरान घर में आग लग गई। परिवार के मुताबिक, मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती से आग लगी और देखते ही देखते उसने घर में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया।
लपटें उठती देख दौड़े ग्रामीण, तब तक जल चुका था सामान
घर से आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आग बुझाने के लिए काफी मशक्कत की। ग्रामीणों की कोशिशों से आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक घर में रखा सामान जलकर राख हो चुका था।
आग में बेड, गद्दे, रजाई, पत्नी और बच्चों के कपड़े, वाशिंग मशीन, खाद्यान्न और गृहस्थी की अन्य वस्तुएं नष्ट हो गईं। दहेज में मिला सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। परिवार के पास रोजमर्रा के इस्तेमाल की जरूरी वस्तुएं भी नहीं बचीं।
मजदूरी से चलता है परिवार का खर्च
असलम मेहनत-मजदूरी कर परिवार की जरूरतें पूरी करते हैं। ऐसे में घर का पूरा सामान नष्ट होने से उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवार के मुताबिक, आग से दो लाख रुपये से अधिक की संपत्ति नष्ट होने का अनुमान है। घटना के बाद परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने की चुनौती खड़ी हो गई है।









