लखनऊ ट्रिपल मर्डर: बारिश के बीच पीड़ित परिवार से मिले DGP

चाचा और बहन पर 25-25 हजार का इनाम

लखनऊ। लखनऊ में चबूतरे के विवाद में हुए ट्रिपल मर्डर के बाद शुक्रवार को डीजीपी राजीव कृष्ण घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और न्याय दिलाने का भरोसा दिया। डीजीपी के पहुंचने के दौरान बारिश शुरू हो गई, लेकिन वह बारिश के बीच ही परिवार से मिले। इस दौरान मृतक शिवाजी की पत्नी उषा तिवारी ने मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला को फांसी देने और फरार चाचा व बहन का एनकाउंटर करने की मांग उठाई।

डीजीपी ने परिवार को कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद उन्होंने खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया। दूसरी ओर, लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की टीम आरोपी ऋषभ शुक्ला के मकान और जमीन की पैमाइश करने पहुंची। टीम ETS मशीन की मदद से जमीन की वास्तविक स्थिति और सीमाओं की जांच कर रही है।

बारिश के बीच परिवार से मिले डीजीपी

ट्रिपल मर्डर के बाद पीड़ित परिवार में गुस्सा और नाराजगी है। शुक्रवार को डीजीपी राजीव कृष्ण मौके पर पहुंचे तो परिवार ने उनके सामने अपनी मांगें रखीं। मृतक शिवाजी की पत्नी उषा तिवारी ने आरोपी ऋषभ शुक्ला को फांसी देने की मांग की। साथ ही उन्होंने फरार चाचा राजेश शुक्ला और बहन दिव्या के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की बात कही।

परिवार ने आरोप लगाया कि ऋषभ ने अपने चाचा के संरक्षण में तीन लोगों की हत्या की। डीजीपी ने उनकी बातें सुनीं और न्याय तथा उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर मौके की स्थिति देखी।

LDA की टीम ने ETS मशीन से शुरू की पैमाइश

हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार ने आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाने की मांग की थी। इससे पहले LDA ने सड़क की सीमा में आ रही बाउंड्रीवॉल के हिस्से को बुलडोजर से गिरा दिया था।

कार्रवाई के दौरान पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया था कि आरोपी की बाउंड्रीवॉल ही नहीं, बल्कि उसका मकान भी नजूल की जमीन पर बना है। इसी शिकायत के बाद अब LDA की टीम जमीन और मकान की पैमाइश करने पहुंची है। अधिकारी ETS मशीन की मदद से जमीन की सीमाओं का आकलन कर रहे हैं। पैमाइश के बाद ही जमीन से जुड़े आरोपों पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

चाचा राजेश और बहन दिव्या पर 25-25 हजार का इनाम

पुलिस ने हत्याकांड के बाद से फरार चल रहे ऋषभ शुक्ला के चाचा राजेश शुक्ला और बहन दिव्या पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। दोनों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि राजेश शुक्ला के संरक्षण और सह पर ही ऋषभ ने तीन हत्याएं कीं। परिवार ने राजेश को इस पूरे मामले में अहम भूमिका निभाने वाला बताया है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button