अब गांवों की चौपालों तक पहुंचेगी सरकारी योजनाओं की जानकारी

कलेक्ट्रेट से डीएम ईशा प्रिया ने दिखाई हरी झंडी, जिले के ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में घूमकर योजनाओं व विकास कार्यों का करेगी प्रचार

अंबेडकरनगर। सरकारी योजनाओं की जानकारी अब एलईडी वैन के जरिए जिले के गांवों और शहरी इलाकों तक पहुंचाई जाएगी। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के लिए बुधवार को एलईडी वैन रवाना की गई। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर वैन को रवाना किया। इसे सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, लखनऊ की ओर से जिले में भेजा गया है।

स्क्रीन पर दिखाई जाएगी योजनाओं की जानकारी

एलईडी वैन जिले के विभिन्न ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में भ्रमण करेगी। इस दौरान स्क्रीन के माध्यम से लोगों को केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही विकास कार्यों और सरकारी उपलब्धियों से जुड़े संदेश भी दिखाए जाएंगे। इसका उद्देश्य योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।

पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की पहल

जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने बताया कि इस पहल के माध्यम से आमजन को शासन की योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा। खासतौर पर पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। एलईडी स्क्रीन पर जानकारी को सरल और रोचक ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि लोग योजनाओं को आसानी से समझ सकें।

वैन के भ्रमण से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को सरकारी योजनाओं, उनके उद्देश्य और उपलब्धियों की जानकारी एक ही माध्यम से मिल सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button